सुप्रिया सुले का गुस्सा, राज्य सरकार से पूछे चार सवाल
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। तुम्हारी जेब में ड्रग्स की पुड़िया डाल दूंगा और जेल भेज दूंगा, ऐसी धमकी देने वाले एक पुलिसकर्मी के वीडियो पर सांसद सुप्रिया सुले ने राज्य सरकार पर नाराजगी जताई. इस कृत्य को अत्यंत विकृत और बेहद गंभीर बताते हुए सुप्रिया सुले ने राज्य सरकार से चार सवाल पूछे हैं. पुलिसकर्मी का वीडियो साझा करते हुए सुप्रिया सुले ने कहा, मुंबई में अपनी जायज़ मांगों और अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे युवा छात्रों पर पुलिस बल का इस्तेमाल किया जा रहा है. लाठीचार्ज के बाद अब इन छात्रों को सीधे झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं.
सोशल मीडिया पर सामने आए एक बेहद चौंकाने वाले और आक्रोश पैदा करने वाले वीडियो में मुंबई पुलिस का एक कर्मचारी आंदोलनकारी युवाओं से यह कहते हुए दिखाई दे रहा है, तुम्हारी जेब में ड्रग्स की पुड़िया रखकर तुम्हें जेल में डाल दूंगा, ऐसा गुस्सा सुप्रिया सुले ने व्यक्त किया. यह कृत्य जितना विकृत है, उतना ही निंदनीय भी है और खाकी वर्दी को कलंकित करने वाला है. जिन मुंबई पुलिस पर मादक पदार्थों के कारोबार को जड़ से खत्म करने की नैतिक और कानूनी जिम्मेदारी है, वही पुलिस यदि छात्रों को डराने के लिए ड्रग्स का इस्तेमाल करने की भाषा बोल रही है, तो यह अत्यंत गंभीर है. सांसद सुले ने आगे कहा कि इस घटना से कुछ सवाल खड़े होते हैं. पुलिसकर्मियों के पास ड्रग्स आता कहां से है? यदि पुलिस खुलेआम छात्रों की जेब में ड्रग्स रखने की धमकी दे रही है, तो उन्हें ड्रग्स का स्रोत पता है. यदि स्रोत पता है, तो मुंबई के ड्रग्स माफिया पर कार्रवाई क्यों नहीं की जाती? क्या राज्य सरकार को यह गुंडागर्दी मंजूर है? मुंबई पुलिस सीधे राज्य के गृह मंत्रालय के अधीन आती है. राज्य की राजधानी में और सरकार की नाक के नीचे चल रहा यह सब गृह विभाग को मंजूर है क्या?
धमकी देने वाले पुलिसकर्मी पर कार्रवाई, जांच के आदेश
-
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. उसमें एक पुलिसकर्मी एक युवक को धमकाते हुए दिखाई दे रहा है. वह कहता है कि अगर दोबारा दिखाई दिया तो 50 ग्राम का पाउडर डाल दूंगा. आज राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उसमें राज ठाकरे ने इसी घटना का जिक्र किया. उन्होंने कहा, “मेरे पास एक वीडियो आया. कुछ लड़के टैक्सी से जा रहे थे. पुलिस कहती है कि 50 ग्राम पाउडर डाल दूंगा. क्या यह पुलिसकर्मी ड्रग्स सप्लायर है? क्या पुलिस के पास पाउडर मिलने लगा है? यह क्या चल रहा है, कुछ समझ ही नहीं आता.” राज ठाकरे की प्रेस कॉन्फ्रेंस के कुछ ही समय बाद गृह विभाग की ओर से इस पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की गई. इस पुलिसकर्मी का नाम पवन सांगले है. वह सायन पुलिस स्टेशन में ड्राइवर के रूप में कार्यरत है. इस वीडियो के कारण मुंबई पुलिस पर कई सवाल उठे. सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएँ चल रही हैं. इसलिए अब मुंबई पुलिस ने धमकी देने वाले पवन सांगले को दूसरी जगह ड्यूटी पर भेज दिया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है.











