सिंहस्थ कुंभ 2027 की तैयारी तेज, श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने सरकार प्रतिबद्ध : गिरीश महाजन
लोकवाहिनी, संवाददाता:नासिक। नासिक सिंहस्थ कुंभ मेले के तहत त्र्यंबकेश्वर में विभिन्न सुविधाओं के निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जल संसाधन एवं कुंभ मेला मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कुंभ मेले की आधिकारिक शुरुआत के प्रतीक के रूप में मंगलवार को त्र्यंबकेश्वर में ध्वज स्तंभ का शिलान्यास समारोह अत्यंत उत्साह के साथ संपन्न हुआ। मंत्री गिरीश महाजन की उपस्थिति में अयोध्या के जन्मभूमि श्रीराम तीर्थक्षेत्र न्यास के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देवगिरी महाराज के हस्ते शिलान्यास किया गया।
यह समारोह पवित्र कुशावर्त तीर्थ पर संपन्न हुआ। समारोह का आयोजन अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और पुरोहित संघ द्वारा किया गया। इस अवसर पर धर्म और प्रशासन के प्रमुख स्तंभ मौजूद रहे। सांसद राजाभाऊ वाजे, विधायक हीरामन खोसकर, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्रपुरी महाराज और महामंत्री हरिगिरी महाराज उपस्थित थे। इसके साथ विभागीय आयुक्त डॉ. प्रवीण गेडाम, कुंभ मेला विकास प्राधिकरण के आयुक्त शेखर सिंह और जिलाधिकारी आयुष प्रसाद सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जूना, निरंजनी, महानिर्वाणी, अटल और निर्मल सहित सभी प्रमुख अखाड़ों के प्रतिनिधि इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
शिलान्यास के बाद मंत्री गिरीश महाजन ने चल रहे कार्यों का जमीनी निरीक्षण किया, उन्होंने गोदावरी घाट निर्माण, डीपी रोड, त्र्यंबकेश्वर-गोदावरी लिंक योजना और बिल्य तीर्थ का अवलोकन किया। गोदावरी नदी को बारहमासी प्रवाहित रखने के लिए प्रस्तावित लिफ्ट इरिगेशन प्रणाली की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री महाजन ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।








