लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से बेमौसम बारिश हो रही है, जिससे नागरिकों को गर्मी से कुछ राहत मिली है और मौसम ठंडा हो गया है। हालांकि, अब एक बार फिर चिंताजनक खबर सामने आई है, जिसमें मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में एक बार फिर लू चलने की भविष्यवाणी की है। नागपुर मौसम विभाग के वैज्ञानिक प्रवीण कुमार के अनुसार, विदर्भ में अगले कुछ दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए अकोला, अमरावती और वर्धा जिलों के लिए येलो हीट अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को अकोला जिले में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
विदर्भ के अन्य जिलों में भी तापमान बढ़ने की आशंका है। विदर्भ में मई महीने में तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच रहना सामान्य बात है। प्रवीण कुमार ने बताया कि राजस्थान और गुजरात क्षेत्रों में चक्रवाती हवाओं के विपरीत चलने से विदर्भ में गर्मी बढ़ गई है, जिसके कारण शुष्क और गर्म हवाएं चल रही हैं। विदर्भ में नागपुर, अमरावती, अकोला, यवतमाल, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर और गढ़चिरोली जिलों में मौसम शुष्क और गर्म रहने की संभावना है। इन जिलों में तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गर्मी के कारण दोपहर में अधिक उमस महसूस हो सकती है। उपराजधानी नागपुर सहित विदर्भ में कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
वहीं मौसम विभाग ने नागपुर समेत विदर्भ के कई जिलों में तापमान बढ़ने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विदर्भ सहित राज्यभर में पिछले कुछ दिनों के दौरान चक्रवाती प्रभाव से हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन अब आसमान साफ होते ही गर्मी ने फिर से रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने नागपुर सहित पूरे विदर्भ में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार आने वाले सप्ताह में विदर्भ के कई जिलों का तापमान 2 से 3 डिग्री, तो कुछ जिलों में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। इसी के साथ मौसम विभाग ने पूर्व विदर्भ के वर्धा और पश्चिम विदर्भ के अकोला सहित अमरावती जिले में तापमान 46 डिग्री के पार जाने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।









