कुख्यात अपराधी की हत्या को अंजाम देने की चर्चा
लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। सक्करदरा थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। गड्डीगोदाम मोहल्ला स्थित बुधवार बाजार परिसर में कमला नेहरू महाविद्यालय के पास दो युवकों की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में दहशत और खलबली का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े आठ बजे अज्ञात हमलावरों ने दोनों युवकों के सिर पर भारी पत्थरों से हमला किया। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर सक्करदरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रमेश खुणे, अपराध शाखा की टीम, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। वहीं सहायक पुलिस आयुक्त रोशन पंडित तथा पुलिस उपायुक्त निकेतन कदम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवकों के सिर पर बड़े पत्थरों से वार किए गए थे। एक मृतक की पहचान आदित्य उर्फ सोनू बोडवे (25), निवासी सोमवारी क्वार्टर के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। तकनीकी जांच के जरिए भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पंचनामा कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या के समय और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।
प्राथमिक जांच में परिसर के ही एक कुख्यात अपराधी द्वारा इस वारदात को अंजाम दिए जाने की चर्चा है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। अपराध शाखा की कई टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।









