नई दिल्ली। अमेरिका-इजराइल की ईरान से जंग की वजह से हॉर्मुज जलमार्ग (Strait of Hormuz) के रास्ते गैस सप्लाई ठप हो गई है। इससे देश में एलपीजी (LPG) की किल्लत हो रही है। तेल और गैस की सप्लाई में आई बाधाओं की आहट भारत तक पहुँच रही है। देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कमी की खबरों ने होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री की चिंता बढ़ा दी है।
दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों ने कमर्शियल गैस की सप्लाई पर रोक लगा दी है। गैस सप्लाई बंद होने की वजह से कई शहरों में रेस्टोरेंट और होटल बंद होने की नौबत आ गई है। ऐसे में सरकारी सूत्रों का कहना है कि तेल कंपनियाँ तीन सदस्यीय कमेटी के जरिए रेस्टोरेंट एसोसिएशनों से बात करेंगी, ताकि एलपीजी सप्लाई की दिक्कतों को समझा जा सके।
जमाखोरी रोकने के लिए ‘आवश्यक वस्तु अधिनियम’ लागू
इधर, केंद्र सरकार ने गैस समेत जरूरी चीजों की जमाखोरी रोकने के लिए देशभर में ‘आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955’ (Essential Commodities Act) लागू कर दिया है। सरकार ने घरेलू खाना पकाने की गैस की बिना बाधा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया है। उन्होंने रिफाइनरियों और पेट्रोकेमिकल इकाइयों को एलपीजी का उत्पादन अधिकतम करने और प्रमुख हाइड्रोकार्बन स्रोतों को एलपीजी पूल में मोड़ने का निर्देश दिया है।
उद्योग से जुड़े संगठनों का कहना है कि कई जगह गैस की नियमित सप्लाई बाधित हो रही है, जिससे रसोई चलाना मुश्किल हो रहा है और कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है। इसके बाद अब होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री के प्रमुख संगठन फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FHRAI) ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखा है और इसमें हस्तक्षेप करने की माँग भी की है।









