दो शिफ्ट में चलेंगी मशीनें, तेज होगा सफाई अभियान
मछुआरों और विशेषज्ञों की मदद से जलकुंभी खत्म करने की योजना
नागपुर:अंबाझरी झील में तेजी से फैल रही जलकुंभी(वॉटर हायसिंथ) को पूरी तरह समाप्त करने के लिए नागपुर महानगरपालिका को उपलब्ध मशीनरी का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। महापुर नीता ठाकरे ने अधिकारियों से कहा है कि तय लक्ष्य के साथ अभियान चलाकर जलकुंभी का पूर्ण निर्मूलन किया जाए।
मंगलवार को समीक्षा बैठक के दौरान महापौर ने अधिकारियों से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली। बैठक में उपमहापौर लीला हाथीबेड, सत्तापक्ष नेता नरेंद्र बोरकर, नगरसेवक योगेश पाचपोर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल झील से जलकुंभी हटाने के लिए पोकलेन मशीन और लॉन्ग-ब्रूम जैसी मशीनरी का उपयोग किया जा रहा है। इस पर महापौर ने निर्देश दिए कि इन मशीनों को दो शिफ्ट में चलाया जाए, ताकि गर्मियों के दौरान अधिकतम स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा सके।
पार्षद योगेश पाचपोर ने भी बैठक में सुझाव दिया कि जलपर्णी को पूरी तरह खत्म करने के लिए कई स्तरों पर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मशीनरी के साथ-साथ स्थानीय मछुआरों की मदद ली जाए और इस विषय के विशेषज्ञों की सलाह भी ली जानी चाहिए।
महापौर नीता ठाकरे ने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जलपर्णी हटाने के लिए ठोस योजना बनाकर तय समयसीमा में काम पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि अंबाझरी झील शहर की महत्वपूर्ण धरोहर है और इसे प्रदूषण तथा जलपर्णी से मुक्त रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
महानगर पालिका प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अभियान चलाकर झील को जलकुंभी से मुक्त करने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।









