“बंधनगाठी” पुस्तिका में विवाह योग्य युवक-युवतियों की जानकारी प्रकाशित
समाज में विवाह संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अनूठी पहल
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुधाकर कोहले और राजकुमार नागुलवार का सम्मान
नागपुर:संत रविदास के विचारों से प्रेरित होकर नागपुर में चर्मकार समाज द्वारा आयोजित वधू-वर परिचय मेले का आयोजन उत्साह और सामाजिक एकता के साथ किया गया। यह कार्यक्रम मानेवाड़ा रोड स्थित विश्वगुरु श्री संत रविदास मित्र परिवार के तत्वावधान में रविवार, 8 मार्च को संपन्न हुआ।
इस परिचय मेले का नेतृत्व समाजसेवी प्रेम (हितेश) मुंडाफले ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य चर्मकार समाज के युवक-युवतियों के विवाह से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना और समाज के लोगों को एक साझा मंच प्रदान करना था।
इस अवसर पर “बंधनगाठी” नामक विशेष पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। इस पुस्तिका में समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के फोटो और बायोडाटा प्रकाशित किए गए हैं, जिससे परिवारों को योग्य जीवनसाथी खोजने में आसानी हो सके। आयोजकों के अनुसार इस पहल से समाज में विवाह संबंधी कई समस्याओं के समाधान में मदद मिल रही है। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजबंधु और परिवार शामिल हुए। मेले के दौरान सामाजिक संवाद, परिचय सत्र और सामूहिक चर्चा के माध्यम से युवक-युवतियों के परिवारों को एक-दूसरे से मिलने और परिचय बढ़ाने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सभापति राजकुमार नागुलवार तथा दक्षिण नागपुर के पूर्व विधायक सुधाकर कोहले का भी सम्मान किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में डायमंड भशाखेत्रे, रामदास पोरटकर, महादेव बोडखे, प्रविण इंगोले, पवन इंगोले, चतुर्भुज हरसुलकर, हिमेश इंगोले, प्रियाताई मुंदाफळे, पायल इंगोले, दिव्या इंगोले, हर्षा इंगोले, प्रभा इंगोले और सुनीता इंगोले सहित अनेक समाजसेवियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे सामाजिक कार्यक्रम समाज में एकता, संवाद और सकारात्मक परिवर्तन को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं।









