दो आरोपियों हार्षल पटेल और सिराजुद्दीन अहमद को गिरफ्तार
न्यायालय ने आरोपियों को 16 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेजा
पुलिस ने बड़े ड्रग्स रैकेट की संभावना जताई, जांच जारी
अंबरनाथ:अंबरनाथ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग सवा चार करोड़ रुपये मूल्य की चरस जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को अंबरनाथ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चरस की बिक्री के लिए सामग्री लाए जाने की गोपनीय जानकारी मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर छापा मारा और बड़ी मात्रा में चरस जब्त की। पुलिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस मादक पदार्थ की कीमत लगभग सवा चार करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस मामले का मुख्य आरोपी हर्षल पटेल गुजरात का निवासी है, जो पिछले डेढ़ महीने से अंबरनाथ में रह रहा था। उसके साथी सिराजुद्दीन अहमद को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
अंबरनाथ पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहाँ उन्हें 16 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकरण के पीछे बड़े ड्रग्स रैकेट के सक्रिय होने की संभावना है और मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस ने यह भी बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य अंबरनाथ और आसपास के क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री को रोकना है। आगे की जांच में अन्य संदिग्धों की पहचान और ड्रग्स रैकेट के पूरे नेटवर्क को उजागर करने पर ध्यान दिया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि इस तरह के अपराधों को रोकने में मदद मिल सके।







