नागपुर : कपिलनगर थाना क्षेत्र में घर के सामने टहल रही एक महिला का मंगलसूत्र छीनकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मंगलसूत्र और घटना में इस्तेमाल की गई मोपेड भी बरामद कर ली है।
कपिलनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सतीश आडे ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे खसाळा क्षेत्र निवासी महिला अपने घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान सफेद कपड़े पहने एक युवक वहां आया और आसपास नजर दौड़ाने के बाद महिला के गले से करीब 5 ग्राम का मंगलसूत्र झपटकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कपिलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो युवकों और दो नाबालिग लड़कों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास से छीना गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई मोपेड भी पुलिस ने जब्त कर ली।
पुलिस ने बताया कि पूरी कार्रवाई 12 घंटे के भीतर पूरी कर ली गई और आरोपियों से पूरा माल बरामद कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंघल के मार्गदर्शन में जॉइंट सीपी, नॉर्थ रीजन के अधिकारियों, डीसीपी डॉ. पखाले और एसीपी बंडेवार के निर्देशन में कपिलनगर पुलिस स्टेशन की डीबी टीम ने की।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी फिलहाल किसी शिक्षा या काम से जुड़े नहीं हैं और आवारागर्दी करते पाए गए। पुलिस ने आरोपियों के परिजनों को भी समझाइश दी है कि बच्चों को शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों में शामिल करें ताकि वे भविष्य में अपराध की राह पर न जाएं।










