लोकवाहिनी संवाददाता:अमरावती। अमरावती शहर के पास माहुलीखंड मार्ग पर स्थित ‘हनुमान गढ़ी’ क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की अध्यक्षता में आयोजित शिखर समिति की बैठक में इस परियोजना के लिए 121 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने विधानसभा में भी घोषणा की है।
बताया जाता है कि विधायक रवि राणा की पहल पर यहाँ 111 फीट ऊंची हनुमानजी की प्रतिमा स्थापित की गई है और अब इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की योजना बनाई गई है। इस परियोजना को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कई पौराणिक और धार्मिक स्थलों की अनदेखी करते हुए हनुमान गढ़ी के लिए बड़ी राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं इस परियोजना में मुख्यमंत्री की कोई भागीदारी तो नहीं है।
यशोमती ठाकुर ने कहा कि हनुमानजी के नाम पर निधि दिए जाने का स्वागत है, लेकिन जब अन्य प्राचीन धार्मिक स्थलों को पर्याप्त निधि नहीं मिल रही, तब केवल एक नए स्थल के लिए इतनी बड़ी राशि देना सवाल खड़े करता है। उन्होंने यह भी पूछा कि जहांगीरपुर स्थित हनुमान मंदिर को इसी तरह की सहायता क्यों नहीं दी गई।









