नागपुर। उपराजधानी में बढ़ते ड्रग्स के मामले शहर में युवाओं के भविष्य सहित सरकार पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। शहर में लगातार आते मामलों को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ड्रग्स केस में आरोपियों के खिलाफ मकोका के तहत कार्रवाई की बात कही। मंगलवार को भाजपा विधायक प्रवीण दटके, कांग्रेस विधायक विकास ठाकरे, नितिन राउत ने शहर में बढ़ते ड्रग्स बिक्री का मुद्दा सदन में उठाया, जिस पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह ऐलान किया।
नागपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन थंडर’ के तहत कार्रवाई करते हुए मोतीबाग परिसर में ड्रग्स तस्कर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर से बड़ी संख्या में हथियार सहित अन्य सामान जब्त किया। इसको लेकर मंगलवार को विधानसभा में भाजपा विधायक प्रवीण दटके ने प्रश्नकाल में पुलिस की कार्रवाई को लेकर मुद्दा उठाया और अपराधियों पर मकोका लगाने को लेकर सवाल किया। इस चर्चा में विधायक विकास ठाकरे सहित नितिन राउत भी इसमें शामिल हुए और शहर में बढ़ते मामलों पर चिंता जताई और पुलिस कार्रवाई की जानकारी मांगी।
जिस पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि संबंधित मामलों में सामयिक अपराध नियंत्रण अधिनियम, 1999 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल करने की प्रक्रिया जारी है और आगे कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उनकी संपत्तियों को जब्त किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा, यदि कहीं अवैध निर्माण पाया जाता है, तो भारत के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार नोटिस देकर नगर निगम के माध्यम से उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, संबंधित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर ऐसे अपराधों पर रोक लगाई जाएगी। भविष्य में ऐसी घटनाएं होने पर संबंधित पुलिस अधिकारियों को भी जिम्मेदार ठहराया जाएगा। नागपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन थंडर’ के तहत पिछले 11 महीनों में 907 मामलों का खुलासा किया है। इन कार्रवाइयों के दौरान लगभग 1254 किलोग्राम नशीले पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है।












