तेल अवीव। इज़राइल के हमलों में सोमवार रात ईरान की ‘बसीज फोर्स’ को भारी नुकसान होने का दावा किया गया है। इज़राइल के रक्षा मंत्री ने दावा किया है कि आईडीएफ (IDF) ने ईरान के सिक्योरिटी चीफ अली लारीजानी समेत करीब 300 कमांडरों और सैनिकों की मौत हुई है। इससे पहले इज़रायली मीडिया ने दावा किया था कि उसकी सेना ने ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी को निशाना बनाया है।
साथ ही यह भी कहा कि यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी मौत हुई है या वे घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि हमले में तेहरान के कई कमांड सेंटर, लॉजिस्टिक यूनिट और वाहन डिपो को निशाना बनाया गया, जिससे बसीज की ऑपरेशनल क्षमता को बहुत नुकसान पहुंचा है। इस बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामनेई ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि पहले अमेरिका और इज़राइल से हिसाब लिया जाएगा, उसके बाद ही शांति की बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि ईरान अपने दुश्मनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगा और मौजूदा संघर्ष जल्द थमने वाला नहीं है। ईरान ने लारीजानी पर किसी भी हमले की रिपोर्टों पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है।









