नागपुर के कलमना मार्केट क्षेत्र में दर्ज मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
मामले के अनुसार, एक वाहन की डिक्की से मोबाइल चोरी होने की शिकायत कलमना पुलिस थाने दर्ज की गई थी। इस मामले की जांच एपीआई मुसले और उनकी टीम कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस को एक गोपनीय सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति देसी शराब भट्टी के पास चोरी का मोबाइल बेचने की कोशिश कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी दिलीप बाबू रंगन (27), निवासी वेल्लोर, तमिलनाडु को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से तीन लैपटॉप और छह मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है।
भाषा की समस्या के चलते पुलिस ने दुभाषिये की मदद से आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ में कलमना क्षेत्र में दर्ज मोबाइल चोरी का मामला उजागर हुआ। साथ ही, जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने आरपी नगर क्षेत्र से भी लैपटॉप और मोबाइल चोरी किए थे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी और उसका साथी शहर में बंद घरों और बॉयज़ हॉस्टल की रेकी कर इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करते थे और बाद में उन्हें अपने राज्य में बेच देते थे। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी बालाजी गोविंदप्पा फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
नागपुर पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे जांच जारी है।








