लालबाग के गणपति पंडाल के पास हादसा, चार घायल
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। मुंबई के लालबाग इलाके में शनिवार देर रात गणपति पंडाल के पास पेयजल के अस्थायी स्टॉल पर करंट लगने से आठ वर्षीय लड़की समेत दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घटना रात करीब दो बजकर 20 मिनट पर कालाचौकी के दत्ताराम लाड मार्ग स्थित दिग्विजय मिल चॉल में महागणपति उत्सव मंडल के प्रवेश द्वार के पास शॉर्ट सर्किट के बाद हुई। उस समय जारी गणेश उत्सव के कारण इलाके में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। उन्होंने बताया कि पंडाल के प्रवेश द्वार के पास लगाए गए अस्थायी पेयजल और शीतल पेय के स्टॉल में करंट आ गया था। घटना के बाद दमकल कर्मियों ने तत्काल मौके पर बिजली की आपूर्ति बंद कर दी और एहतियाती कदम के तौर पर इलाके की घेराबंदी कर दी। अधिकारियों ने बताया कि करंट की चपेट में आए छह लोगों को तुरंत पास के अस्पतालों में ले जाया गया, जहां उनमें से दो को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि रागिनी घनश्याम यादव (8) को भायखला के मसीना अस्पताल ले जाए जाने पर वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीन अन्य किरण अकबर नाईक (19), तन्वी नरेश हांडे (19) और साहिल संदीप तारे (19) का अस्पताल में उपचार जारी है तथा उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रशासन की गलती के कारण गई 19 वर्षीय युवक की जान
जोगेश्वरी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पालिका के लापरवाह कामकाज के कारण एक 19 वर्षीय युवक की जान चली गई, जिससे खलबली मच गई। जोगेश्वरी पूर्व में गणेश विसर्जन के दौरान विद्युत प्रवाह उतरने से रोहित भीमसिंग राठोड नामक 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। विसर्जन स्थल पर पानी के गड्डे में सिस्टम में अचानक करंट आ गया और रोहित गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत ट्रॉमा केयर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पालिका की गलती के कारण रोहित को अपनी जान गंवानी पड़ी।













