फडणवीस बोले- बाकी को दो दिन में मिलेगा पैसा
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र में सूखे की मार झेल रहे किसानों के लिए राज्य सरकार ने राहत राशि जारी की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को बताया कि दिवाली से पहले 73 लाख किसानों के बैंक खातों में 5-5 हजार रुपये की शुरुआती राहत पहुंच चुकी है। जिन किसानों को अभी तक पैसा नहीं मिला है, उन्हें अगले दो दिनों में भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पात्र किसानों में करीब 95 फीसदी को इस अवधि में राहत राशि मिल जाएगी। कुछ किसानों के भुगतान में बैंक खातों से जुड़ी समस्याओं के कारण देरी हुई है। सरकार ने इस बार कम बारिश के कारण राज्य के 85 फीसदी हिस्से को सूखाग्रस्त घोषित किया है। इसके बाद किसानों को दिवाली से पहले अंतरिम सहायता देने का फैसला किया गया था। सरकार का कहना है कि किसानों को आर्थिक राहत पहुंचाने के लिए अलग-अलग योजनाओं के तहत भी भुगतान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि दिवाली से पहले किसानों को पांच हजार रुपये की अग्रिम सहायता देने का वादा किया गया था। अब तक 73 लाख किसानों के खातों में यह रकम पहुंच चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले दो दिनों में अधिकांश पात्र किसानों को भुगतान कर दिया जाएगा। करीब 95 फीसदी पात्र किसानों को राहत राशि मिलने की उम्मीद है .















