नागपुर। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मिली हार के बाद भाजपा गुरुवार, 5 नवंबर को नागपुर में अपना पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाो’ के नारे के साथ आयोजित इस मार्च को सफल बनाने के लिए भाजपा नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। मार्च में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। यह मार्च गुरुवार, शाम 4 बजे धंतोली स्थित यशवंत स्टेडियम से शुरू होकर संविधान चौक पहुंचेगा। इसमें हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। नेताओं की मौजूदगी और संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने शहर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मार्च के निर्धारित मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ रैली आज
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 5 नवंबर को नागपुर में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ रैली का नेतृत्व करेंगे। यह रैली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के देशव्यापी अभियान के समापन के अवसर पर निकाली जाएगी। भाजपा ने यह अभियान विपक्षी दलों के कथित भ्रामक प्रचार का जवाब देने के लिए शुरू किया है। पार्टी का कहना है कि विपक्षी दल लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। रैली की शुरुआत यशवंत स्टेडियम से शुरू होगी। 5 नवंबर को निकलने वाले मोर्चे में लोकतंत्र बचाओ का नारा दिया जाएगा। इस मोर्चे में सभी देशभक्त व नागरिकों से बड़ी संख्या में आने की अपील पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, राज्यमंत्री पंकज भोयर, आशीष जायसवाल, संजय भेंडे, राजीव पोतदार, प्रवीण दटके, मोहन मते, कृष्णा खोपड़े, महापौर नीता ठाकरे, दयाशंकर तिवारी ने की।















