वीडियो वायरल होने के बाद सियासी हलचल, राष्ट्रीय अध्यक्ष से शिकायत की भी चर्चा
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। महाराष्ट्र की राजनीति में एक वीडियो को लेकर खासी चर्चा है। रामटेक से कांग्रेस सांसद श्यामकुमार बर्वे का चंद्रपुर की सांसद प्रतिभा धानोरकर के गाल पर थपकी मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, सांसद बर्वे ने इसे महज हंसी-मजाक का हिस्सा बताया है। वहीं, प्रतिभा धानोरकर की ओर से भी इस घटना को लेकर ऐसी ही प्रतिक्रिया सामने आयी है। जानकारी के मुताबिक, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की ओर से महामोर्चे का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए कांग्रेस के कई सांसद बस से कार्यक्रम स्थल जा रहे थे। इसी दौरान प्रतिभा धानोरकर और कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड बस में एक सीट पर साथ बैठी थीं।
श्यामकुमार बर्वे उनके पास खड़े थे। बातचीत और हंसी-मजाक के बीच बर्वे ने प्रतिभा धानोरकर के दाएं गाल पर हल्की थपकी मार दी। बस में मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद उठ रहे सवालों पर सांसद श्यामकुमार बर्वे ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा धानोरकर उनके लिए छोटी बहन जैसी हैं। दोनों के बीच हमेशा की तरह हंसी-मजाक चल रहा था। इसी दौरान उन्होंने उनके गाल पर हल्की थपकी मारी थी। बर्वे के मुताबिक, यह उनके बीच का सामान्य मजाक था और उस समय बस में कई अन्य सांसद भी मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल इस वीडियो को मुद्दा बनाकर कांग्रेस के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
बर्वे मेरे भाई समान
सांसद प्रतिभा धानोरकर ने कहा है कि सांसद श्याम बर्वे उनके भाई समान हैं। बस में राजस्थान व अन्य राज्यों के सांसद भी थे। इस विषय पर अनावश्यक चर्चा न करें।














