नागपुर। शराब पीने को लेकर तीन दोस्तों में हुए विवाद के बाद एक युवक अपने साथियों की शिकायत करने बेलतरोड़ी पुलिस थाने पहुंचा. उसने दोनों दोस्तों पर मारपीट करने का आरोप लगाया. थानेदार ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जब उसे घटनास्थल दिखाने के लिए साथ लिया, तो युवक पुलिस को उस स्थान पर ले गया, जहां करीब 15 दिन पहले एक मजदूर की हत्या हुई थी. इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला और युवक समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने मजदूर की हत्या करने की बात स्वीकार की. पुलिस के मुताबिक, शंकर मनोहर उकड़े (30), निवासी नांदगांव, तहसील हिंगणघाट, जिला वर्धा, करीब 20 दिन पहले काम की तलाश में नागपुर आया था. उसे बेलतरोड़ी क्षेत्र की एक निर्माण साइट पर काम मिल गया था.
शंकर को शराब पीने की आदत थी. ठेकेदार ने कंपनी परिसर में शराब पीने पर काम से निकालने की चेतावनी दी थी. इसलिए वह शराब पीने के लिए वर्धा रोड स्थित तृप्ति होटल और विजयराज बार के समीप जंगलनुमा इलाके में जाता था. करीब 15 दिन पहले शराब पीकर शंकर रात में कंपनी की ओर लौट रहा था. इसी दौरान वहां मौजूद सनी गायकवाड़ (23), निवासी कैकाड़ेनगर, उसके साथी रोहित खुजनारे और तुषार खंडारे ने उसे रोक लिया. आरोप है कि सनी ने शंकर से 1,200 रुपये और शराब की बोतल छीन ली. शंकर ने इसका विरोध किया तो तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. शंकर के जमीन पर गिरने के बाद आरोपियों ने उसकी छाती पर लातें मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद तीनों वहां से फरार हो गए. अगले दिन बेलतरोड़ी पुलिस को शंकर का शव मिला था. उस समय पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया था.
मंगलवार दोपहर सनी और रोहित ने कथित तौर पर तुषार के साथ मारपीट की. शराब के नशे में तुषार दोनों दोस्तों को सबक सिखाने के इरादे से बेलतरोड़ी पुलिस थाने पहुंच गया. उसने पुलिस को दोनों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दी. थानेदार रविंद्र नाईकवाड़ ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तुषार से घटनास्थल दिखाने को कहा. पुलिस की गाड़ी में बैठने के बाद तुषार ने जिस स्थान को मारपीट की जगह बताया, वह वही स्थान निकला, जहां शंकर का शव मिला था. इससे पुलिस को संदेह हुआ. थानेदार नाईकवाड़ ने शंकर की मौत से संबंधित फाइल दोबारा निकाली और घटनास्थल की ओर जाने वाले मार्ग के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई. फुटेज में शंकर अकेले जाते हुए दिखाई दिया. इसके बाद तुषार, रोहित और सनी भी उसी क्षेत्र में दिखाई दिए. पुलिस ने संदेह के आधार पर तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने शंकर की हत्या करने की बात स्वीकार की.













