विकास निधि को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। मनपा में विकास निधि को लेकर विपक्ष सत्तापक्ष पर हमलावर है। कांग्रेस पार्षद शैलेश पांडे ने सत्तापक्ष पर सवाल उठाते हुए विपक्षी पार्षदों को विकास निधि नहीं देने और दूसरी तरफ मनपा का पैसा बर्बाद करने का आरोप लगाया. नागपुर मनपा में भाजपा की सत्ता लौटने के बाद से ही कांग्रेस लगातार सत्तापक्ष पर खर्च को लेकर सवाल उठा रही है. समिति अध्यक्षों के पदग्रहण के बाद मारबत उत्सव पर खर्च हुए करीब दो करोड़ रुपये को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल रखा है.
इसी मुद्दे को लेकर आयोजित आमसभा में कांग्रेस पार्षद शैलेश पांडे कमल के निशान वाले कपड़े पहनकर और हाथ में कटोरा लेकर पहुंचे. पांडे ने मनपा के खर्च को लेकर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि विपक्षी पार्षदों को विकास कार्यों के लिए निधि नहीं दी जा रही है, जबकि दूसरी तरफ मनपा का पैसा बर्बाद किया जा रहा है. पांडे ने इसी अंदाज में सत्तापक्ष और मनपा प्रशासन के खर्च पर सवाल खड़े किए. इस दौरान उनके पहनावे को लेकर सत्तापक्ष के नेताओं ने आपत्ति जताई और उनके आचरण का विरोध किया. देखते ही देखते सदन में जोरदार हंगामा शुरू हो गया. मारबत उत्सव के दो करोड़ रुपये के खर्च का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस ने विपक्षी पार्षदों को निधि नहीं मिलने और मनपा के पैसे की कथित बर्बादी पर सत्तापक्ष से जवाब मांगा.













