नागपुर में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
फॉरेंसिक जांच के बाद खुलेगा कंकाल का राज
महाराष्ट्र के नागपुर में मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां खुदाई के दौरान मानव कंकाल मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह घटना एमआईडीसी थाना क्षेत्र के हिंगणा रोड पर हुई है।
जानकारी के अनुसार, लोकमान्य नगर से धनगरपुरा तक चल रहे मेट्रो लाइन के कार्य के दौरान गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे मजदूर खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान जमीन के अंदर मानव हड्डियों का कंकाल दिखाई दिया, जिससे काम रोक दिया गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही साइट पर मौजूद इंजीनियर हिमांशु कुमार सिंह ने तत्काल हिंगना तहसीलदार और एमआईडीसी पुलिस को जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने फिलहाल इस मामले को आकस्मिक मृत्यु के रूप में दर्ज किया है और कंकाल को आगे की जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है। विशेषज्ञों द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि कंकाल कितना पुराना है और यह यहां कैसे पहुंचा।
अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही इस रहस्यमयी कंकाल से जुड़ी सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मेट्रो निर्माण कार्य को सावधानीपूर्वक आगे बढ़ाया जा रहा है।












