नागपुर:दूरदर्शन नागपुर द्वारा निर्मित नई श्रृंखला “भारतीय संविधान के विविध आयाम” का प्रसारण 24 मार्च 2026 से दूरदर्शन की सह्याद्री वाहिनी पर प्रारंभ हो गया है। यह विशेष श्रृंखला देश के नागरिकों को भारतीय संविधान की मूल भावना, उसके सिद्धांतों, विशेषताओं और महत्व से अवगत कराने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
यह 13 एपिसोड की ज्ञानवर्धक श्रृंखला प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को शाम 4 बजे प्रसारित की जा रही है। कार्यक्रम के माध्यम से दर्शकों को संविधान की संरचना, उसके मूल अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की गहराई से जानकारी दी जाएगी।इस श्रृंखला की संकल्पना एवं कार्यकारी निर्मात्री रचना पोपटकर-गजभिये हैं, जबकि इसके निर्माता मनोज जैन हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं में संवैधानिक जागरूकता को बढ़ावा देना है, ताकि वे अपने अधिकारों और कर्तव्यों को बेहतर ढंग से समझ सकें।इस श्रृंखला को जिला सूचना अधिकारी कार्यालय नागपुर और सूचना एवं जनसंपर्क महासंचालनालय का सहयोग प्राप्त है। कार्यक्रम प्रमुख रचना पोपटकर-गजभिये ने दर्शकों से अपील की है कि वे इस श्रृंखला को अवश्य देखें और संविधान जागरूकता के इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराएं।
भारतीय संविधान के विविध आयाम” न केवल एक शैक्षणिक पहल है, बल्कि यह नागरिकों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।








