नागपुर:हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश के जामसांवली धाम स्थित चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर संस्थान में इस वर्ष भक्ति, आस्था और आध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। 26 मार्च 2026 को रामनवमी के शुभ दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‘हनुमान लोक’ के प्रथम चरण का भव्य लोकार्पण करेंगे।
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा महाकाल लोक की तर्ज पर 30 एकड़ क्षेत्र में 314 करोड़ रुपये की लागत से इस भव्य कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। प्रथम चरण में 35 करोड़ रुपये की लागत से बने दो विशाल कॉरिडोर में आधुनिक तकनीक के माध्यम से भगवान हनुमान के बाल स्वरूप तथा किष्किंधा और सूर्यदेव से जुड़ी पौराणिक कथाओं का जीवंत चित्रण किया गया है। इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण पद्मविभूषण जगद्गुरु रामभद्राचार्य द्वारा 29 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित भव्य श्रीराम कथा होगी। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक श्रद्धालु उनकी ओजस्वी वाणी में रामकथा का रसास्वादन करेंगे।
31 मार्च को विश्वविख्यात संतों की उपस्थिति में 11 हजार श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा, जो एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। वहीं 1 अप्रैल को प्रसिद्ध भजन गायिका स्वाति मेहुल की भव्य भजन संध्या भी आयोजित होगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भव्य वॉटरप्रूफ पंडाल, कूलर और पेयजल की व्यवस्था की गई है। 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव पर रात्रि 2 बजे रुद्राभिषेक और प्रातः 4 बजे महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। मंदिर संस्थान ने देश-विदेश के श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।








