कोल्हापुर:महाराष्ट्र के कोल्हापुर से एक बेहद अनोखी और श्रद्धा से जुड़ी खबर सामने आई है। जहां एक कलाकार ने अपनी कला के माध्यम से भक्ति का अद्भुत उदाहरण पेश किया है।
चैत्र यात्रा के अवसर पर जोतिबा मंदिर में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसी दौरान कसबा बावड़ा के कलाकार योगेश जयवंत मोरे ने एक बेहद खास कलाकृति तैयार की है। उन्होंने गुलाल से रंगे हुए नारियल के छोटे से टुकड़े पर जोतिबा देव की बेहद सूक्ष्म और आकर्षक प्रतिमा उकेरी है। खास बात यह है कि इस नारियल के टुकड़े को मंदिर में पालखी के दौरान सासनकाठी पर उछाले गए प्रसाद से लिया गया था, जिसे उन्होंने अपनी कला का कैनवास बनाया।
करीब 2.5 से 3 सेंटीमीटर के इस छोटे से टुकड़े पर बनाई गई यह पेंटिंग उन्होंने मात्र ढाई घंटे में ऐक्रेलिक पोस्टर रंगों की मदद से पूरी की। इस कलाकृति की बारीकी इतनी प्रभावशाली है कि इसे देखने पर श्रद्धालुओं को साक्षात भगवान के दर्शन होने जैसा अनुभव होता है। हर साल चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर यहां भव्य यात्रा आयोजित होती है, जहां ‘चांगभलं’ के जयघोष के साथ गुलाल और नारियल की वर्षा की जाती है। इस दौरान मान की सासनकाठियां डोंगर पर पहुंचती हैं और पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है।
इस अनोखी कला के जरिए कलाकार ने यह दिखाया है कि भक्ति केवल मंदिरों तक सीमित नहीं, बल्कि सृजन के हर रूप में जीवंत होती है।








