नागपुर ग्रामीण के कन्हान क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के एक मामले का खुलासा किया है। इस मामले में दो विधिसंघर्ष -विवादित नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है और उनके कब्जे से करीब 84 हजार रुपये से अधिक का माल जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अंकित विजय कारला (उम्र 39 वर्ष), निवासी जवाहर नगर, कन्हान ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि तारसा चौक स्थित उनकी दूध डेयरी दुकान को अज्ञात चोरों ने तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस आधार पर कन्हान पुलिस ने अपराध क्रमांक 164/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के और एसडीपीओ संतोष गायकवाड़ के मार्गदर्शन में पुलिस टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान आंबेडकर चौक, कन्हान में दो संदिग्ध नाबालिग दिखाई दिए।
पूछताछ के दौरान दोनों नाबालिग संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। तलाशी लेने पर उनके पास से नकदी और बड़ी मात्रा में सिक्के बरामद हुए। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13,795 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल (MH31 FH 1479 और MH40 W 2272) और एक अमरॉन कंपनी की बैटरी जब्त की। कुल जब्त माल की कीमत 84,145 रुपये बताई जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने नागपुर शहर के कपिल नगर, कोराडी और मिट्टीखदान क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
इस कार्रवाई को कन्हान पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।








