लोकवाहिनी, संवाददाता:पुणे। “मेरे लिए केवल पार्थ और जय ही मेरा परिवार नहीं हैं, बल्कि पूरा बारामती मेरा परिवार है और हर बारामतीवासी मेरे परिवार का सदस्य है। मैं जीवन भर इस परिवार के विकास के लिए काम करती रहूँगी, यह मेरा वचन है। दादा के अचानक चले जाने से कई कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट गया है, लेकिन चिंता मत कीजिए। कोई भी कार्यकर्ता पीछे नहीं छूटेगा। दादा का ‘जनता दरबार’ अब से उसी तरह चलता रहेगा। जनता के काम को पूरा करना ही दादा को सच्ची श्रद्धांजलि है।”
यह भावुक अपील राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकापा) की नेता सुनेत्रा पवार ने बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले आयोजित रैली में कार्यकर्ताओं से की। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री रहे दिवंगत अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर उनके साथ पार्टी सहयोगी सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और हसन मुश्रीफ के अलावा शिवसेना प्रमुख व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले भी मौजूद थे। राकापा, भाजपा और शिवसेना सत्तारूढ़ गठबंधन ‘महायुति’ का हिस्सा हैं।
अजीत दादा की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प
उल्लेखनीय है कि 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और राकापा के वरिष्ठ नेता अजीत पवार के निधन के बाद बारामती में यह उपचुनाव हो रहा है। सुनेत्रा पवार ने कहा कि वह विकास की उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अजीत पवार के निधन को न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।
उन्होंने कहा, “हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि ऐसा उपचुनाव होगा। बारामती का हर हिस्सा अजीत दादा की छाप लिए हुए है। अपने दुख के बावजूद मैंने जनता के बीच आने का फैसला किया है। आपने हमेशा अजीत दादा को रिकॉर्ड मतों से जिताया है। यह पहला चुनाव है जिसमें वह हमारे बीच नहीं हैं, मुझे विश्वास है कि आप मुझे भी वही प्यार और समर्थन देंगे।”
विकास और सुरक्षा का भरोसा
सुनेत्रा पवार ने भरोसा दिलाया कि बारामती का विकास कार्य बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा और प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को खेतों के लिए पानी मिलता रहेगा और शहर को खासकर महिलाओं के लिए सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इस उपचुनाव में कांग्रेस ने अपने प्रदेश सचिव आकाश मोरे को सुनीता पवार के खिलाफ उम्मीदवार बनाया है। मतदान 23 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 मई को की जाएगी।







