लोकवाहिनी, संवाददाता:ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार को एक पुल पर एक वैन की ‘ट्रांजिट मिक्सर ट्रक’ से भीषण टक्कर हो जाने के बाद तीन महिलाओं समेत 11 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। वैन में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे।
ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर कल्याण-मुरबाद-मालशेज राजमार्ग पर रायता गांव के पास उल्हास नदी पर नवनिर्मित पुल पर हुई। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों को शटल टैक्सी सेवा प्रदान करने वाली वैन कल्याण से मुरबाद जा रही थी, तभी वह विपरीत दिशा से आ रहे ‘ट्रांजिट मिक्सर’ (सीमेंट मिक्सिंग मशीन ट्रक) से टकरा गई।
मुरबाद के तहसीलदार अभिजीत देशमुख ने बताया कि चालक समेत वैन में सवार सभी 11 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मारे गए लोगों में आठ पुरुष और तीन महिलाएं हैं। देशमुख ने कहा कि टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग दबकर अंदर फंस गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए गोवली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
राज्य परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने इस ओर भी ध्यान दिया कि अधिकृत छह लोगों की क्षमता वाली वैन में 11 यात्री सवार थे। सरनाईक ने एक बयान में कहा, “परिवहन विभाग अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है, लेकिन नागरिकों को भी जिम्मेदारी से काम लेना चाहिए। मैं सभी से क्षमता से अधिक भरे वाहनों में यात्रा करने से बचने और सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह करता हूँ।”
स्थानीय लोगों के अनुसार, राजमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण सड़क का एक हिस्सा बंद कर दिया गया था और वाहनों की आवाजाही एक लेन तक सीमित कर दी गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस भयावह हादसे का वीडियो तब से सोशल मीडिया पर वायरल है। उपमुख्यमंत्री और ठाणे के संरक्षक मंत्री एकनाथ शिंदे ने लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और कहा कि दुर्घटना की गहन जांच की जाएगी।










