लोकवाहिनी, संवाददाता नागपुर। विदर्भ के चार शहर दुनिया के 10 सबसे गर्म शहरों में शामिल हैं। विदर्भ का अकोला शहर इस सूची में पहले स्थान पर है। अकोला में पारा लगातार बढ़ रहा है जहाँ 16 अप्रैल को 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। विदर्भ में अमरावती में तापमान 44.2 डिग्री, वर्धा में 44.0 डिग्री और नागपुर में 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। लू के थपेड़ों ने लोगों का घर से बाहर निकलना दूभर कर दिया है। यहाँ भी गर्मी का आलम यह है कि अप्रैल महीने में ही पारा 44 डिग्री पार कर गया है।
गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। धूप और गर्मी से बेहाल नागपुर के अलग-अलग हिस्सों में हीटवेव (Heatwave) की स्थिति देखी गई। विदर्भ में भीषण गर्मी पड़ रही है, मानो सूरज सचमुच आग उगल रहा हो। विदर्भ में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुँच गया है। अकोला और अमरावती शहर में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ रही है। बुधवार को अकोला और अमरावती में तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अकोला लगातार चौथे दिन भारत का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। साथ ही यह विश्व का भी सबसे गर्म शहर बन गया है। वर्धा और नागपुर में भी सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। विदर्भ के लोगों को अभी कुछ और दिनों तक इस गर्मी का सामना करना पड़ेगा। देश के दस सबसे गर्म शहरों में से सात महाराष्ट्र के हैं और इनमें से चार विदर्भ के हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अक्षय तृतीया तक यह लू जारी रहने की संभावना है।
लू लगने से दो की मौत
अलग-अलग जगहों पर लू लगने से दो लोगों की मौत हो गई। बुधवार सुबह पुरानी कामठी के जयस्तंभ चौक पर एक 50 वर्षीय व्यक्ति बेहोश मिला। बजाज नगर थाना क्षेत्र के आईटीआई कॉलेज के सामने बेहोश मिले एक 40 वर्षीय व्यक्ति की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।








