नागपुर के यशोधरा नगर क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिलशाद अंसारी (उम्र 18 वर्ष) अपने परिचित के साथ बिलाल मस्जिद के पास स्थित एक होटल के समीप बैठा था। इसी दौरान आरोपी ग्यासुद्दीन उर्फ इम्तियाज अंसारी वहां पहुंचा और दिलशाद से यह पूछते हुए कि वह उसकी भांजी से क्यों बात करता है, उस पर अचानक चाकू से हमला कर दिया।
इस हमले में दिलशाद गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरे आरोपी मुशर्रफ उर्फ मुशरू ने भी उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। घटना के बाद घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित के बड़े भाई मोहम्मद नौशाद अंसारी की शिकायत पर यशोधरा नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के मात्र दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले की मुख्य वजह आपसी बातचीत को लेकर उत्पन्न हुआ विवाद है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है।









