ऑपरेशन थंडर के तहत बड़ी कार्रवाई
नागपुर शहर में अवैध गुटखा और पान मसाला तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन थंडर” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंघल और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य नशे और प्रतिबंधित पदार्थों के अवैध व्यापार पर रोक लगाना है।
यूनिट क्रमांक 5 की टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि महाराष्ट्र में प्रतिबंधित पान मसाला और गुटखा एक ट्रक के माध्यम से नागपुर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सहायक पुलिस निरीक्षक कदम और उनकी टीम ने ट्रक का पीछा किया।
ट्रक जरीपटका क्षेत्र के हेमू कॉलनी स्थित एक गली में रुकता हुआ पाया गया, जहां माल को एक घर में उतारा जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने छापा मारकर कार्रवाई की और भारी मात्रा में सुगंधित तंबाकू, गुटखा और पान मसाला जब्त किया।
इस कार्रवाई में लगभग 19 लाख 39 हजार 760 रुपये का माल, ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
फूड एंड ड्रग्स विभाग को भी सूचित किया गया, जिन्होंने मौके पर पंचनामा तैयार किया।









