सफाई में कहा, मेरा मतलब था विपक्षी पार्टियों को डराते-धमकाते हैं
लोकवाहिनी, एजेंसी चेन्नई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चेन्नई में मंगलवार को पीएम मोदी को आतंकवादी कह दिया। हालांकि, कुछ देर बाद इस पर सफाई भी दी। उधर, भाजपा ने कहा कि खड़गे को अपने विवादित बयान पर माफी मांगनी चाहिए। खड़गे पहले भी मोदी पर विवादित बयान दे चुके हैं। 2024 में पीएम की तुलना आक्रमणकारी तैमूर लंग से की थी। 2023 में ‘जहरीला सांप’ और ‘झूठों का सरदार’ कहा था। बाद में कांग्रेस अध्यक्ष ने सफाई भी दी थी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अपना हमला तेज करते हुए उन पर आरोप लगाया कि वह विपक्ष को दबाने के लिए सरकारी मशीनरी और केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करके राजनीतिक दलों और लोगों को ‘आतंकित’ कर रहे हैं। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के साथ चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए खड़गे ने अन्नाद्रमुक के भाजपा के साथ गठबंधन की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री को ‘आतंकवादी’ कहा। हालांकि, जब संवाददाताओं ने इस टिप्पणी का परिप्रेक्ष्य स्पष्ट करने के लिए दबाव डाला, तो कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनका मतलब था कि प्रधानमंत्री देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को ‘आतंकित’ कर रहे हैं।
खड़गे ने कहा, वह लोगों और राजनीतिक दलों को आतंकित कर रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि यह (शब्दशः) आतंकवादी हैं। इसे आतंकित करना… वह अपनी सत्ता और सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और विपक्षी पार्टियों को गाली दे रहे हैं, बदनाम कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग भाजपा कार्यालय का एक्सटेंशन बन गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों को राजनीतिक लोगों को डराने-धमकाने के औजार के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। खड़गे ने महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को लेकर भी केंद्र पर निशाना साधा।











