सिंह को अब तक 145 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं
लोकवाहिनी, संवाददाता:मुंबई। अजित पवार के निधन को 3 महीने हो गए हैं। इस दुर्घटना मामले की जांच फिलहाल जारी है। इसी तरह आज रोहित पवार ने अजित पवार के विमान हादसे पर सनसनीखेज बयान दिया है। रोहित पवार ने कहा कि आज इस हादसे को तीन महीने हो गए हैं। हमारे पास जो सबूत हैं हम देंगे। आज हम यहां आपको बता रहे हैं कि तथ्य क्या हैं। बताया गया है कि कर्नाटक में दर्ज की गई एफआईआर अब सीआईडी को भेज दी गई है। इस हादसे को लेकर आज रोहित पवार ने सनसनीखेज दावा किया है। जिस विमान में अजित पवार यात्रा कर रहे थे वह वीएसआर कंपनी का है, जिसके मालिक वीके सिंह हैं। इस बारे में बात करते हुए रोहित पवार ने कहा कि सुबह जब अजित दादा का एक्सीडेंट हुआ तो वीके सिंह को 9 करोड़ 81 लाख रुपये इनाम के तौर पर दिए गए और अगले दिन जब अजित दादा का अंतिम संस्कार हो रहा था तो 16 करोड़ 88 लाख रुपये दिए गए। सिंह को अब तक 145 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
अजित पवार के घर मिली थी लटकती बकरी?
एनसीपी शरद पवार के विधायक रोहित पवार ने मंगलवार को एक सनसनीखेज दावा किया। उन्होंने अजित पवार की मौत से जुड़े विमान हादसे में नासिक के तांत्रिक अशोक खरात की भूमिका होने का आरोप लगाया है। रोहित पवार ने सीआईडी से मांग की है कि इस मामले में खरात से गहन पूछताछ की जाए। पुणे स्थित सीआईडी कार्यालय का दौरा करने के बाद रोहित पवार मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि उनके चाचा और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार के घर के बाहर कुछ अघोरी अनुष्ठान किए गए थे। उन्होंने दावा किया कि बारामती के एक छोटे राजनीतिक नेता के माध्यम से ये तांत्रिक क्रियाएं करवाई गई थीं। रोहित पवार ने आरोप लगाते हुए कहा, अजित दादा के घर के पास एक बकरी लटकी हुई पाई गई थी। खरात ने एक किसान से कहा था कि निकट भविष्य में पवार परिवार पर हमला हो सकता है। बारामती का एक छोटा नेता इन अनुष्ठानों के लिए खरात के पास जाता था। वह नेता अजित दादा के करीबी लोगों के संपर्क में भी था। विधायक ने वित्तीय लेनदेन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि 27 और 28 जनवरी को खरात के बैंक खाते में अचानक भारी लेनदेन क्यों बढ़ गया? गौरतलब है कि अशोक खरात को मार्च में महिलाओं के यौन शोषण और धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है।
खरात ने ब्लैकमेल करने के लिए कुछ वीडियो सुरक्षित रखे थे
रोहित पवार ने आगे कहा, अशोक खरात की संलिप्तता अजित पवार के हादसे से जुड़ी हुई प्रतीत होती है। सीआईडी को उसकी जांच करनी चाहिए। खरात ने ब्लैकमेल करने के लिए कुछ वीडियो सुरक्षित रखे थे। साथ ही कुछ आम महिलाओं के वीडियो क्लिप भी सामने आए हैं। रोहित पवार ने बताया कि ये विमान हादसे से जुड़े कुछ सबूत सौंपने सीआईडी दफ्तर गए थे। उन्होंने अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि हादसे को तीन महीने बीत चुके हैं। पिछली बार एडीजी सुनील रामानंद मौजूद थे। आज कोई बड़ा अधिकारी नहीं मिला। बताया गया कि ये क्रिकेट मैच के लिए मुंबई गए हैं। बता दें कि 28 जनवरी की सुबह वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड का लियरजेट 45 विमान मुंबई से बारामती जाते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की जान चली गई थी। रोहित पवार ने पिछले महीने बेंगलुरु में इस मामले में जीरो एफआईआर भी दर्ज कराई है।








