लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने भयावह मोड़ ले लिया और 17 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई। नाबालिग लड़की के कारण दो किशोरों के बीच तनाव, संदेह और ईर्ष्या ने अंततः खूनी मोड़ ले लिया। कलमना क्षेत्र में प्रेम त्रिकोण के चलते एक 17 वर्षीय नाबालिग की चाकू मारकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें से एक को हिरासत में लिया गया है, जबकि दूसरा फरार है।
मृतक की पहचान जोहरान मुस्तफा शेख (17), निवासी वाजपेयीनगर, कलमना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने हाल ही में पढ़ाई छोड़कर मजदूरी का काम शुरू किया था। पुलिस के अनुसार, जोहरान का अपने ही इलाके में रहने वाली एक 17 वर्षीय लड़की से प्रेम संबंध था। उसी लड़की से एक अन्य नाबालिग लड़का भी प्रेम करता था। इस बात को लेकर आरोपी और जोहरान के बीच पहले भी विवाद हुआ था। आरोपी ने उसे लड़की से दूर रहने की चेतावनी दी थी और जान से मारने की धमकी भी दी थी।
मंगलवार की रात करीब साढ़े दस बजे आरोपी ने जोहरान को इंस्टाग्राम के जरिए फोन कर अशरफी मस्जिद के पीछे स्थित मैदान में बुलाया। जब जोहरान वहां पहुंचा, तो आरोपी अपने एक साथी के साथ पहले से मौजूद था। वहां दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जो हिंसक हो गया। आरोपी ने चाकू निकालकर जोहरान के गले और छाती पर कई वार किए, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही कलमना थाना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रवीण काले अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और पंचनामा कर शव को मेयो अस्पताल भेजा गया। मृतक की मां सोनिया मुस्तफा शेख की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
फोन आने के बाद निकला, नहीं लौटा
मृतक जोहरान मुस्तफा शेख (17) को मंगलवार रात इंस्टाग्राम से एक कॉल आया था। पता चला है कि कॉल करने वाला भी नाबालिग है। जोहरान एक दोस्त से मिलने के बहाने घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वह जीवित नहीं लौटा।
कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी भी महज 17 साल का एक नाबालिग है और वो यशोधरा नगर थाना इलाके में रहता है। मृतक के फोन की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि किसी लड़की के लिए चल रही बातचीत ही खून का सबब बनी है। पुलिस इस मामले की सब एंगल से जांच कर रही है।









