गाड़ी का कट लगने के बाद शुरू हुआ झगड़ा बना खूनी संघर्ष
लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। अंबाझरी थाना क्षेत्र में सड़क पर गाड़ी का कट लगने के बाद शुरू हुआ मामूली विवाद एक इंजीनियरिंग छात्र की हत्या का कारण बन गया। गोकुल पेठ परिसर में दो नाबालिग युवकों ने देर रात 20 वर्षीय छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान दिघोरी निवासी तुषार चूटे (20) के रूप में हुई है। वह इंजीनियरिंग का छात्र था। जानकारी के अनुसार रविवार रात तुषार अपने दोस्तों आर्यन और अर्पण के साथ अंबाझरी स्थित एक चर्चित कैफे में नाइट आउट पार्टी करने गया था। पार्टी के बाद देर रात अर्पण के मोबाइल फोन की बैटरी खत्म होने के बाद वह घर निकल गया।
जबकि दोनों दोस्त रामनगर इलाके में आइस गोला खाने निकले थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी मोपेड का दो नाबालिग युवकों की गाड़ी से कट लग गया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया और सभी वहां से निकल गए। कुछ देर बाद गोकुल पेठ परिसर में दोनों पक्षों का दोबारा आमना-सामना हुआ। बताया जा रहा है कि इस दौरान तुषार ने एक नाबालिग को थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज दोनों आरोपियों ने अपने पास रखा चाकू निकालकर तुषार पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान तुषार का दोस्त आर्यन मौके से भाग गया, जबकि तुषार जान बचाने के लिए दौड़ता रहा। आरोपियों ने उसका पीछा किया और गोकुल पेठ के पास उसे घेरकर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल तुषार कुछ दूर तक भागा, लेकिन बाद में सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ा। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से चाकू मंगवाया था। उनका कहना है कि हत्या की कोई पूर्व योजना नहीं थी, लेकिन शराब के नशे और विवाद के बाद गुस्से में आकर उन्होंने हमला कर दिया। फिलहाल अंबाझरी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।








