लोकवाहिनी, शहर प्रतिनिधि:नागपुर। शिवसेना (ठाकरे गुट) के पदाधिकारियों ने नागपुर नगर निगम मुख्यालय में आपली बस सेवा में कार्यरत कर्मचारियों को नियमों के अनुसार वेतन न मिलने के आरोपों के विरोध में प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व शिवसेना नेता नितिन तिवारी ने किया। ऑपरेटरों द्वारा संचालित खटारा बसों और आपली बस कर्मचारियों के आर्थिक शोषण के विरोध में नागपुर महानगरपालिका सिविल लाइन कार्यालय पर मोर्चा निकाला गया। इस अवसर पर परिवहन समिति सदस्य व नगरसेवक शैलेश पांडे उपस्थित रहे। शिवसैनिक उग्र होते ही अधिकारी नरम पड़े और मांगें शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया। इस बीच, विरोध प्रदर्शन के चलते नगर पालिका मुख्यालय क्षेत्र में कुछ समय से तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था।
बताया जा रहा है कि प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत के बाद उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान, कार्यकर्ताओं ने नगर प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए और नियमों के अनुसार कर्मचारियों को तत्काल वेतन भुगतान की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ‘आपली बस’ सेवा में कार्यरत कई कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे उनके परिवारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। मोर्चे के पश्चात ऑपरेटरों को संबोधित करते हुए नितिन तिवारी ने कहा कि शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में आपली बस के कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्हें नियमित वेतन के लिए संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि नगर प्रशासन इस पर गंभीरता से ध्यान दे और कर्मचारियों की समस्याओं का तत्काल समाधान करे।








