15 मिनट में 68 यात्री बाहर निकाले, सभी सुरक्षित
रतलाम। तिरुवनंतपुरम हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग में ट्रेन के दो कोच जलकर पूरी तरह खाक हो गए। दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर आलोट एवं लूणी स्टेशन के बीच सुबह 5:15 बजे यह घटना घटी। जहां ट्रेन की दो बोगियों में यह आग फैल गई। आग लगते ही ट्रेन में अफरा तफरी मच गई। ट्रेन रुकते ही सभी यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए। आग की सूचना मिलने पर लूणी और रिछा गांव के ग्रामीणों ने ट्रेन से नीचे उतरने में यात्रियों की मदद की। ट्रेन के गार्ड और दोनों बोगियों को ट्रेन से अलग किया गया। इसके बाद कोटा और रतलाम रेल मंडल से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद राजधानी एक्सप्रेस की दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
खास बात यह रही की फायर एंड स्मोक डिटेक्शन सिस्टम के अलर्ट की वजह से समय रहते राजधानी एक्सप्रेस को रोका जा सका और ट्रेन में सवार यात्रियों की जान बचाई जा सकी है। कोटा रेल मंडल के आलोट और लूणी रिछारिया स्टेशन के बीच में राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 और एसएलआर कोच में यह आग सुबह करीब 5:15 पर लगी थी। कोटा रेल मंडल के एडीआरएम ललित कुमार धुरंधर ने बताया कि ट्रेन में आग लगते ही फायर एंड स्मोक डिटेक्शन सिस्टम एक्टिव हो गया। जिसकी वजह से समय रहते ट्रेन में ऑटोमेटिक ब्रेक लग गए। जिसकी वजह से समय रहते यात्रियों को बाहर निकलने का मौका मिल गया और बड़ा हादसा होने की संभावना टल गई। (पेज 6 पर)













