नागपुर। विदर्भ में लू की लहर दिन-प्रतिदिन तेज होती जा रही है। शनिवार को अमरावती और वर्धा जिलों में भीषण गर्मी दर्ज की गई। दोनों जिलों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से घर से बाहर निकलना दूभर हो गया। रविवार को अकोला और अमरावती का तापमान 46 डिग्री रहा। लगातार बढ़ते तापमान के कारण विदर्भ में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और दोपहर के समय कई शहरों की सड़कें सुनसान नजर आने लगी हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, अकोला में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, ब्रह्मपुरी में भी तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रहा। नागपुर में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से अधिक था। भीषण हवाओं और गर्मी के कारण नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि विदर्भ के अधिकांश जिलों में तापमान औसत से अधिक है और आने वाले दिनों में लू चलने की संभावना है।
बार-बार हो रही बिजली गुल, नागरिक त्रस्त
भीषण गर्मी के बीच नागपुर के कई इलाकों में बार-बार बिजली गुल हो रही है जिससे नागरिक त्रस्त हो चुके हैं। नरेंद्र नगर, रामेश्वरी, हिवरी नगर और पूर्वी नागपुर के कई क्षेत्रों में बिजली कटौती से बुजुर्गों और बच्चों का हाल बेहाल है।












