ग्लोबल वार्मिंग की रफ्तार धीमी करने में दुनिया नाकाम; कॉप-31 सम्मेलन के दौरान ‘क्लाइमेट एक्शन ट्रैकर’ की रिपोर्ट में चिंताजनक आकलन
अंताल्या (तुर्किये), एजेंसी : दुनिया पिछले पांच वर्षों में ‘ग्लोबल वार्मिंग’ की रफ्तार धीमी करने या उसे रोकने में नाकाम रही है जिसकी प्रमुख वजह योजनाओं का धरातल पर नहीं उतर पाना और सकारात्मक प्रयासों के प्रभाव को दूसरे प्रतिकूल कदमों से बेअसर कर दिया जाना है. एक रिपोर्ट में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई. यह चिंताजनक आकलन तुर्किये के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (कॉप-31) के दौरान सामने आया है. सम्मेलन में बृहस्पतिवार को विभिन्न देशों के नेता बढ़ते वैश्विक तापमान और इससे निपटने की अपनी योजनाओं पर विचार रखेंगे. स्वतंत्र संस्था ‘क्लाइमेट एक्शन ट्रैकर’ ने अपनी रिपोर्ट में कहा, ‘कुल मिलाकर, पिछले लगातार पांच वर्षों से जलवायु संरक्षण के प्रयासों में ठहराव बना हुआ है, क्योंकि सकारात्मक और नकारात्मक कदमों ने प्रभाव को बेअसर कर दिया है.’
रिपोर्ट के मुताबिक, 2015 में हुए पेरिस जलवायु समझौते के बाद शुरुआती पांच वर्षों में दुनिया ने इतनी प्रगति की थी कि संभावित तापवृद्धि के अनुमान में एक डिग्री सेल्सियस (1.8 डिग्री फारेनहाइट) की कमी आई थी. हालांकि, इसके बाद से स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है.
जलवायु परिवर्तन मुख्य रूप से ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन के कारण होता है. इन गैसों का उत्सर्जन कोयला, तेल और प्राकृतिक गैस जैसे जीवाश्म ईंधनों को जलाने से होता है. जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए हर साल वायुमंडल में होने वाले ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में भारी कटौती करना जरूरी है. इसके लिए अलग-अलग देश उत्सर्जन घटाने की अपनी योजनाएं बनाते हैं, जिन्हें ‘राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान’ (एनडीसी) कहा जाता है. हालांकि, उत्सर्जन में कटौती की गति और इसके तरीके प्रत्येक देश के लिए अलग-अलग हैं. रिपोर्ट के अनुसार, देशों के सामूहिक प्रयासों से वैश्विक उत्सर्जन में कोई उल्लेखनीय कमी नहीं आई है. ऐसे में दुनिया पूर्व-औद्योगिक काल के औसत तापमान की तुलना में तापवृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस (2.7 डिग्री फारेनहाइट) तक सीमित रखने की निर्धारित सीमा को स्थायी रूप से पार करने की ओर बढ़ रही है.
पेरिस जलवायु समझौते के तहत दुनिया ने वैश्विक तापवृद्धि को पूर्व-औद्योगिक काल के स्तर से 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने का लक्ष्य तय किया था. रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि दुनिया के सभी देश जलवायु परिवर्तन से निपटने के अपने मौजूदा वादों को पूरा भी कर लें, तब भी इस सदी के अंत तक धरती का औसत तापमान पूर्व-औद्योगिक काल की तुलना में 2.6 डिग्री सेल्सियस (4.7 डिग्री फारेनहाइट) अधिक हो सकता है. ‘क्लाइमेट एनालिटिक्स’ की जलवायु नीति विश्लेषक और रिपोर्ट की मुख्य लेखिका सारा हेक ने कहा कि तापवृद्धि के मौजूदा अनुमान वर्ष 2024 और 2025 के अनुमानों जैसे ही हैं. इससे पता चलता है कि पिछले साल किए गए नए वादे संभावित तापवृद्धि के अनुमानों में जरा भी बदलाव लाने में सफल नहीं रहे हैं.

















