कुमामोतो (जापान) : भारत के अनुभवी शटलर किदांबी श्रीकांत और लक्ष्य सेन ने बृहस्पतिवार को यहां कुमामोतो मास्टर्स जापान सुपर ५०० बैडमिंटन टूर्नामेंट में अलग-अलग अंदाज में जीत हासिल करके पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी और २०२१ विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता श्रीकांत ने जापान के पांचवीं वरीयता प्राप्त और विश्व में आठवें नंबर के खिलाड़ी कोदाई नाराोका को २१-१५, ११-२१, २१-१८ से हराकर उलटफेर किया. अब उनका मुकाबला जापान के एक अन्य खिलाड़ी और विश्व रैंकिंग में १५वें स्थान पर काबिज कोकी वातानाने से होगा. विश्व चैंपियनशिप के दो बार के रजत पदक विजेता नाराोका के खिलाफ पांच भिड़ंत में यह श्रीकांत की पहली जीत रही. जर्मनी में हाइलो ओपन जीतने वाले आठवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य ने चीन के डोंग तियान याओ को २१-८, २१-१४ से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई. अब उनका मुकाबला जापान के युषी तनाका से होगा.
विश्व रैंकिंग में १३वें स्थान पर काबिज लक्ष्य वर्तमान में बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर रैंकिंग में १०वें स्थान पर हैं और चीन में होने वाले सत्र के आखिरी टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने के लिए उन्हें शीर्ष आठ में जगह बनानी होगी. नई दिल्ली में विश्व चैंपियनशिप में पहला कांस्य पदक जीतने वाली तृषा जॉली और गायत्री गोपीचंद की महिला युगल जोड़ी को हालांकि राउंड १६ में हार का सामना करना पड़ा. भारतीय जोड़ी जापान की रिन इवांगा और काय नकािनशी की तीसरी वरीय देख जोड़ी से १४-२१, १४-२१ से हार गई. विश्व रैंकिंग में ३१वें स्थान पर काबिज श्रीकांत ने अपनी मजबूत रक्षात्मक काबिलियत और आक्रामक खेल का शानदार तालमेल दिखाते हुए नाराोका को मात दी. नाराोका को विश्व बैडमिंटन के सबसे जुझारू और बेहतरीन रक्षात्मक खिलाड़ियों में से एक माना जाता है. शुरुआती गेम में कड़ा मुकाबला देखने को मिला जिसमें नाराोका ने ८-४ की बढ़त बना ली थी. पर श्रीकांत ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर ९-९ से बराबर कर दिया. इसके बाद उन्होंने ब्रेक तक एक अंक की मामूली बढ़त हासिल कर ली. इसके बाद जापान के खिलाड़ी ने १४-१२ की बढ़त बना ली, लेकिन श्रीकांत ने लगातार सात अंक जीतकर १९-१४ की निर्णायक बढ़त हासिल की और पहला गेम अपने नाम कर लिया. दूसरे गेम में नाराोका ने शानदार वापसी की और श्रीकांत को पीछे रखते हुए मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया. तीसरे गेम में ७-७ तक दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली.

















