भाईदूज की खुशियां मातम में बदलीं; नागपूर के संघर्षनगर चौक पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से सेपक टांकरा खिलाड़ी की जान गई
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। भाईदूज के त्योहार पर मां और बहन के साथ मामा के घर जाने की खुशी एक दर्दनाक हादसे में मातम में बदल गई. नंदनवन थाना क्षेत्र के संघर्षनगर चौक पर तेज रफ्तार बाइक सवार की लापरवाही के चलते 18 वर्षीय उभरती सेपक टांकरा खिलाड़ी अवनी बघेले की जान चली गई. हादसे में उसकी बहन अक्षरा भी घायल हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है. अवनी की मौत से परिवार के साथ खेल जगत में भी शोक की लहर फैल गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जातरोड़ी निवासी अवनी बघेले बुधवार को भाईदूज के अवसर पर अपनी मां माधुरी और बहन अक्षरा के साथ दोपहिया वाहन से वाथोडा स्थित मामा के घर जा रही थी. शाम करीब 7:30 बजे तीनों संघर्षनगर पहुंचे. भांडेवाड़ी कचरा प्रकल्प की ओर से आने वाले मार्ग पर सिग्नल लाल होने के कारण मां माधुरी ने वाहन रोक दिया. सिग्नल हरा होने के बाद जैसे ही उन्होंने आगे बढ़ना शुरू किया, पीछे से तेज रफ्तार में आए बाइक सवार तुषार बबन भोवते ने उनके वाहन को कट मार दिया. अचानक हुए इस हादसे में माधुरी का दोपहिया वाहन से नियंत्रण छूट गया और पीछे बैठी अवनी व अक्षरा सड़क पर गिर गईं.
इस दौरान अवनी सिर के बल सड़क पर जा गिरी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई. हादसे के तुरंत बाद दोनों को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अवनी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायल अक्षरा का उपचार जारी है. जिस घर में भाईदूज की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां इस हादसे ने मातम पसरा दिया. इस संबंध में नंदनवन पुलिस ने बाइक सवार तुषार भोवते के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है. आगे जांच जारी है.
राज्य टीम में जगह बनाने का था सपना
अवनी महज 18 वर्ष की थी, लेकिन खेल के मैदान में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही थी. वह सेपक टांकरा की होनहार खिलाड़ी थी और महाविद्यालयीन स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चुकी थी. राज्य टीम में चयन हासिल करने के लक्ष्य के साथ वह अजनी रेलवे स्टेशन के पास शिवाजी विज्ञान महाविद्यालय के मैदान पर नियमित अभ्यास कर रही थी. उसकी मेहनत और लगन को देखते हुए परिवार और साथी खिलाड़ियों को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन एक सड़क हादसे ने उसका यह सपना हमेशा के लिए अधूरा छोड़ दिया.
















