राजस्थान के तीन आरोपी गिरफ्तार, 39.25 लाख का माल बरामद
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। ग्रामीण पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान से नागपुर तक फैले डोडा पाउडर तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. नागपुर-वर्धा मार्ग पर एक बोलेरो वाहन से शुरू हुई पुलिस की कार्रवाई वर्धा जिले के कारंजा घाडगे स्थित एक ढाबे तक पहुंची. पुलिस ने बोलेरो और ढाबे से कुल 143 किलो 283 ग्राम डोडा पाउडर जप्त किया है. इस कार्रवाई में नशीले पदार्थ, वाहन और अन्य सामग्री समेत कुल 39 लाख 25 हजार रुपये का माल जप्त किया गया है. मामले में राजस्थान निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
मंगलवार को नागपुर ग्रामीण पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी पथक और बुटीबोरी पुलिस की संयुक्त टीम बोरी थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान वर्धा-बुटीबोरी मार्ग पर हलदगांव बस स्टॉप के पास राजस्थान पासिंग की एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो दिखाई दी. पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो चालक महेंद्र झुमरराम खदाव के पास से 1 किलो 123 ग्राम डोडा पाउडर बरामद हुआ. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बोलेरो, मोबाइल और नशीले पदार्थ समेत 10 लाख 27 हजार 500 रुपये का माल जप्त किया.
इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पूछताछ में आरोपी महेंद्र ने बताया कि उसने यह डोडा पाउडर वर्धा जिले के कारंजा घाडगे स्थित चौधरी राजस्थानी ढाबे के मालिक पप्पू चौधरी से खरीदा था. पुलिस ने आरोपी के मोबाइल में यूपीआई भुगतान से जुड़े सबूत भी खंगाले. इस जानकारी के आधार पर बुधवार को मादक पदार्थ विरोधी पथक ने चौधरी राजस्थानी ढाबे पर छापा मारा. तलाशी के दौरान वहां से 142 किलो डोडा पाउडर बरामद हुआ. पुलिस ने ढाबा मालिक पप्पू मोडाराम चौधरी और उसके सहयोगी हडमानराम चिमाराम सारण को गिरफ्तार कर लिया. हडमानराम ढाबे पर कुक के रूप में काम करता था. ढाबे पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 28 लाख 43 हजार रुपये का डोडा पाउडर, दो मोबाइल, मिक्सर मशीन, इलेक्ट्रिक वजन कांटा, कैलकुलेटर और नकदी समेत कुल 28 लाख 98 हजार 120 रुपये का माल जप्त किया.
गिरफ्तार तीनों आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि ढाबे की आड़ में डोडा पाउडर का कारोबार चलाया जा रहा था. अब पुलिस इस नेटवर्क के पीछे जुड़े लोगों, नशीले पदार्थ की सप्लाई करने वालों और आगे इसकी खरीद-बिक्री करने वाले लोगों की तलाश कर रही है. राजस्थान से महाराष्ट्र तक फैले इस नशे के नेटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाली जा रही है.
















