लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर : सक्करदरा तालाब के सौंदर्यीकरण के साथ ही परिसर के सर्वांगीण विकास की दृष्टि से महापौर नीता ठाकरे व विधायक मोहन मटे ने संयुक्त रूप से परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान तालाब परिसर में उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, उद्यान विकास तथा नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाओं के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई. इस दौरान सक्करदरा तालाब के सौंदर्यीकरण के साथ ही परिसर के सर्वांगीण विकास पर जोर देने के निर्देश ठाकरे ने दिए. मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटणकर ने प्रशासन की ओर से चल रहे उपायों व प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी. इस दौरान विपक्ष के नेता संजय महाकालकर, नगरसेवक रितेश पांडे, अधीक्षक अभियंता डॉ. श्वेता बैनर्जी, सहायक आयुक्त विकास रायबोले, कार्यकारी अभियंता राजेश दुफारे, कार्यकारी अभियंता राजेंद्र राठोड सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.
निरीक्षण के दौरान सक्करदरा व नेहरू नगर जोन परिसर की स्वच्छता की भी समीक्षा की गई. महापौर ठाकरे ने नेहरूनगर जोन के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ उद्यान विभाग को परिसर की स्वच्छता और नागरिकों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित व विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए. परिसर के उद्यानों, सड़कों व सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता प्रभावी रूप से बनाए रखने पर भी उन्होंने जोर दिया. सक्करदरा तालाब परिसर की विद्युत व्यवस्था को अधिक सक्षम बनाने के साथ ही परिसर का आकर्षक व नियोजनबद्ध सौंदर्यीकरण करने के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा की गई. तालाब परिसर का विकास करते समय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, परिसर को स्वच्छ व सुरक्षित रखना और पर्यटन व मनोरंजन की दृष्टि से इसका विकास करने के संबंध में भी इस दौरान विचार-विमर्श किया गया.












