नागपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 यानी कामठी रोड इन दिनों वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गया है। शाम होते ही इस मार्ग पर जाम की स्थिति बन जाती है। विशेषकर शाम 7 बजे के बाद कामठी, कन्हान और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले हजारों लोगों को लंबी वाहनों की कतारों में फंसना पड़ रहा है। मार्ग पर स्थित मैरिज लॉन और मंगल कार्यालयों में आयोजित विवाह समारोहों के कारण यातायात का दबाव और बढ़ गया है। स्थिति यह है कि घर पहुंचने में लगने वाला समय सड़क पर जाम में ही बीत रहा है। डेढ़ से दो किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लगने से कामठी रोड अब लोगों के लिए टाइम किलर साबित हो रहा है। दरअसल, कामठी रोड पर पहले से ही मेट्रो निर्माण कार्य जारी है, जिससे सड़क की उपलब्ध जगह सीमित हो गई है। ऐसे में शाम के समय विवाह समारोहों में शामिल होने वाले मेहमानों के वाहनों की आवाजाही यातायात को और प्रभावित करती है। लॉन और मंगल कार्यालयों में वाहनों के प्रवेश और निकास के दौरान मुख्य सड़क पर बार-बार जाम लगता है।
कई बार एक वाहन के रुकने से पीछे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और सैकड़ों वाहन चालक परेशान होते हैं। इसका सबसे ज्यादा खामियाजा नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और रोजाना आवागमन करने वाले नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। कामठी, कन्हान और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को घर पहुंचने में काफी समय लग रहा है। यही स्थिति दिन के समय कन्हान से नागपुर आने वाले यात्रियों की भी है। लोगों का कीमती समय सड़क पर ही बर्बाद हो रहा है। जाम के दौरान वाहनों से निकलने वाला धुआं, सड़क पर उड़ती धूल और गर्मी परेशानी को और बढ़ा देती है। घंटों तक वाहनों के बीच फंसे रहने से यात्रियों को शारीरिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय स्तर पर यह समस्या पिछले करीब तीन वर्षों से बनी हुई है, लेकिन मेट्रो निर्माण और विवाह समारोहों की बढ़ती गतिविधियों ने स्थिति को और गंभीर कर दिया है।
उप्पलवाड़ी में फुटपाथों पर कब्जा, पैदल चलना मुश्किल
उप्पलवाड़ी क्षेत्र में फुटपाथों पर कबाड़ियों, पुराने टायर विक्रेताओं और ट्रक के पुराने पार्ट्स का कारोबार करने वालों का कब्जा है। फुटपाथों का इस्तेमाल सामान रखने और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। इससे पैदल चलने वालों के लिए जगह नहीं बचती। वहीं, सड़क की चौड़ाई भी प्रभावित होती है, जिसके कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ जाती है। कई बार कुछ कदम आगे बढ़ने में भी काफी समय लग जाता है।
दिन-रात भारी वाहनों और ईंट गाड़ियों की आवाजाही
कामठी रोड पर दिन-रात भारी वाहनों, ईंट ढोने वाली गाड़ियों और छोटे पिकअप वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई वाहन चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हैं। कुछ चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने की शिकायतें भी हैं। सड़क की स्थिति और दूसरे वाहनों की आवाजाही का ध्यान रखे बिना वाहन चलाने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है।
पीली नदी से भीलगांव गेट तक सबसे ज्यादा परेशानी
पीली नदी से भीलगांव गेट तक का हिस्सा सबसे अधिक परेशानी का कारण बना हुआ है। इस मार्ग पर मेट्रो निर्माण, अव्यवस्थित पार्किंग, व्यावसायिक गतिविधियां, भारी वाहनों की आवाजाही और विवाह समारोहों में आने-जाने वाले वाहनों का दबाव एक साथ देखने को मिलता है। ऐसे में रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले नागरिकों के लिए समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचना बड़ी चुनौती बन गया है।
संयुक्त कार्रवाई की जरूरत
राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए संबंधित विभागों को मिलकर ठोस कदम उठाने की जरूरत है। मैरिज लॉन और मंगल कार्यालयों के बाहर पार्किंग की उचित व्यवस्था, मुख्य सड़क पर वाहनों के प्रवेश और निकास का नियम, फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने तथा भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने जैसे उपाय जरूरी हैं। समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कामठी रोड पर जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है















