निवेशकों का सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी, उद्योग विभाग को कंपनियों से मिले 5 हजार करोड़ के प्रस्ताव
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। महाराष्ट्र विधानमंडल के आगामी शीतकालीन अधिवेशन के दौरान नागपुर जिले में 6,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश को आकर्षित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए उद्योगपतियों और सरकारी अधिकारियों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से निवेशक सम्मेलन आयोजित करने की योजना है। हालांकि, सम्मेलन की तारीख अभी तक निश्चित नहीं हुई है। उद्योग विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नागपुर जिले में उद्योग स्थापित करने और मौजूदा कारोबार का विस्तार करने के इच्छुक कंपनियों की ओर से करीब 5,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। विभाग को उम्मीद है कि निवेशक सम्मेलन के माध्यम से इन प्रस्तावों को आगे बढ़ाकर 6,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौतों में बदला जा सकेगा।
कई बार टल चुका है निवेशक सम्मेलन
यह सम्मेलन पहले सितंबर महीने में आयोजित किया जाना था, लेकिन गणेशोत्सव के कारण इसे स्थगित कर दिया गया। इसके बाद जिला पालकमंत्री की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी हुई। हालांकि, उद्योग मंत्री उदय सामंत ने स्वयं सम्मेलन में शामिल होने की इच्छा जताई, जिसके चलते कार्यक्रम का आयोजन फिर टल गया। वर्धा और गोंदिया जिलों में निवेशक सम्मेलन पहले ही आयोजित किए जा चुके हैं। अब नागपुर में भी शीतकालीन अधिवेशन के दौरान सम्मेलन आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है। शीतसत्र के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्य के वरिष्ठ नेता और विभिन्न विभागों के अधिकारी नागपुर में मौजूद रहेंगे। ऐसे में उनकी उपस्थिति से निवेशकों का विश्वास बढ़ने और प्रस्तावित औद्योगिक निवेश को गति मिलने की उम्मीद है।
उद्योग जगत को सम्मेलन से उम्मीद
एमआईए के अध्यक्ष पी. मोहन ने कहा कि नागपुर में निवेश के लिए उद्योग तैयार हैं। उन्होंने बताया कि आचार संहिता के कारण पहले निवेशक सम्मेलन आयोजित नहीं हो सका था। अब शीतकालीन अधिवेशन के दौरान इसके आयोजन की संभावना है। यदि सम्मेलन में प्रस्तावित निवेश को मंजूरी और समझौतों का रूप मिलता है, तो नागपुर जिले में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।














