नारुका-धालीवाल की जोड़ी ने जीता ब्रॉन्ज; रोशिबिना को वुशु में सिल्वर, रोइंग में कांस्य आया
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागोया। एशियन गेम्स 2026 के पांचवें दिन भारत के लिए पदकों के लिहाज से शानदार रहा। भारत ने बुधवार को पांच पदक अपने नाम किए, जिसमें एक रजत और चार कांस्य शामिल हैं। इसके साथ ही भारत की कुल पदक संख्या 17 हो गई है। भारत के खाते में अब 1 स्वर्ण, 7 रजत और 9 कांस्य पदक हैं। पांचवें दिन वुशु, मिश्रित 4×400 मीटर रिले, रोइंग, शूटिंग और एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीते।
शूटिंग के स्कीट मिक्स्ड टीम इवेंट में अनंतजीत सिंह नारुका और परिनाज धालीवाल की भारतीय जोड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। यह इस इवेंट में एशियन गेम्स के इतिहास में भारत का पहला पदक है। फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने 48 में से 44 टारगेट हिट किए। भारत और दक्षिण कोरिया का स्कोर बराबर रहा, लेकिन टाई-ब्रेकर के बाद भारतीय टीम को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। चीन की टीम भारतीय जोड़ी से एक अंक आगे रही।
स्कीट मिक्स्ड टीम का ब्रॉन्ज मौजूदा एशियन गेम्स में शूटिंग में भारत का 8वां पदक है। भारतीय निशानेबाजों ने अब तक 4 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। इस पदक के साथ भारत के कुल मेडल की संख्या 17 हो गई है। इनमें 1 गोल्ड, 7 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज शामिल हैं।
वुशु में रोशिबिना ने लगातार तीसरी बार जीता पदक
वुशु में भारत की रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किलोग्राम सांडा वर्ग में रजत पदक जीता। फाइनल में उन्हें चीन की झांग शियाओयू के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा।














