पोटे दंपत्ति सहित 14 पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज, संस्था पर ताला लगाकर फरार
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। पदवीधर महिला अर्बन क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी में 2.73 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोसायटी के पदाधिकारियों ने आकर्षक ब्याज का लालच देकर निवेशकों से रकम जमा कराई और बाद में उनकी जमापूंजी हड़प ली। इस मामले में सोमवार को गणेशपेठ थाने में पोटे दंपत्ति सहित 14 पदाधिकारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। मामला करोड़ों रुपये से जुड़ा होने के कारण इसकी जांच अपराध शाखा के आर्थिक विभाग को सौंपी गई है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। न्यू शुक्रवारी महल स्थित पदवीधर महिला अर्बन क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी के आरोपियों में कार्यकारी अधिकारी संदीप पोटे, उनकी पत्नी व अध्यक्ष ममता पोटे, उपाध्यक्ष गीता राजू सातपुते, जया जितेंद्र गडेकर, सचिव सविता गणपत अंबाडकर, संचालक माधुरी राजू बाथनकर, जयश्री प्रवीण वाघमारे, मिनल नीतिन, गीता गायकवाड़, मनीषा श्रीराथ, दीपाली गौणे, पूजा पाटिल, जितेंद्र गडेकर और भोजराज गायकवाड़ शामिल हैं।














