बारिश का पानी रोकने के लिए 5 हजार जलतारे और 3 हजार रिचार्ज शाफ्ट बनाए जाएंगे : बावनकुले
नागपुर। नागपुर शहर की भविष्य की पेयजल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कन्हान नदी पर कामठी-कोलार बैराज बनाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इस परियोजना से अगले 50 वर्षों तक नागपुर को पेयजल की कमी नहीं होगी। यह विश्वास राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने व्यक्त किया। सोमवार, 23 नवंबर को आयोजित पत्रकार परिषद में उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए 800 करोड़ रुपये और पेरीअर्बन क्षेत्र में जल वितरण व्यवस्था विकसित करने के लिए 400 करोड़ रुपये की आवश्यकता है। इस प्रकार कुल 1,200 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। शीतकालीन अधिवेशन में इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। बावनकुले ने बताया कि नागपुर और अमरावती जिलों के दौरे के दौरान संतरा और मौसंबी उत्पादक क्षेत्रों में भूजल स्तर काफी नीचे जाने की स्थिति सामने आई।
बागवानी के लिए बड़ी संख्या में बोरवेल खोदे गए, लेकिन भूजल का पुनर्भरण करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। इसके कारण जलस्तर पर गंभीर असर पड़ा है। इस समस्या के समाधान के लिए राज्य में बारिश के पानी को रोककर जमीन में पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 5 हजार से अधिक जलतारे और 3 हजार रिचार्ज शाफ्ट बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा गांवों के तालाबों, पाझर तालाबों और अन्य जलस्रोत का गहरीकरण करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बावनकुले ने कहा कि बारिश के पानी को बहकर बाहर जाने से रोकने के लिए व्यापक योजना बनाई गई है। गांव का पानी गांव में और खेतों का पानी खेतों में ही रहना चाहिए। गांव का एक बूंद पानी भी बाहर नहीं बहना चाहिए, इसी उद्देश्य से जल संरक्षण के कार्य किए जाएंगे। उन्होंने नरखेड तहसील में किए गए जल संरक्षण के प्रयोगों का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि इन उपायों के माध्यम से अगले पांच वर्षों में गिरते भूजल स्तर को दोबारा बढ़ाना संभव है।
कामठी-कोलार बैराज से दूर होगी पेयजल समस्या
नागपुर की बढ़ती आबादी और भविष्य की पानी की जरूरतों को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की पहल पर कन्हान नदी पर कामठी-कोलार बैराज बनाने का निर्णय लिया गया है। इस परियोजना के लिए 800 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, शहर के पेरीअर्बन क्षेत्रों में पानी वितरण व्यवस्था विकसित करने के लिए अतिरिक्त 400 करोड़ रुपये की जरूरत होगी। कुल 1,200 करोड़ रुपये की इस योजना को शीतकालीन अधिवेशन में अंतिम मंजूरी देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।















