काटोल। कानून का पालन कराने वाले प्रशासनिक अधिकारी के सरकारी वाहन से ही यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। काटोल उपविभागीय न्याय दंडाधिकारी की स्कार्पिओ क्र. एमएच-31-एफयू-9380 के चालक ने सोमवार को दोपहर करीब 3:30 बजे कथित तौर पर गलत दिशा में तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए पहले ई-रिक्शा और फिर एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसमें सवार 4 महिलाओं को भी चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सोमवार को काटोल के उपविभागीय न्याय दंडाधिकारी पियुष चिवंडे के सरकारी वाहन का ईंधन खत्म हो गया था। इसके बाद उन्होंने वाहन में पेट्रोल भरवाने के लिए चालक को भेजा। नियमित चालक छुट्टी पर होने के कारण कार्यालय के एक अन्य कर्मचारी को वाहन चलाने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी दौरान ईंधन भरवाने जा रहे चालक ने कथित तौर पर गलत दिशा में तेज रफ्तार से सरकारी वाहन दौड़ाया और सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक अशोक कोल्हे के पैर में गंभीर चोट आई। टक्कर के बाद चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और सरकारी वाहन सामने से आ रही कार से जा भिड़ा। पुलिस ने सरकारी वाहन चालक को हिरासत में लिया है। चालक ने शराब पी रखी थी या नहीं, इसकी जांच के लिए मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















