नागपुर में रात के दौरान विशेष गश्त पर तैनात पुलिस टीम ने समय रहते कार्रवाई कर एक महिला की जान बचा ली। जानकारी के अनुसार, घोटाळा पांजरी क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसका बेटा अपनी पत्नी पर हमला कर रहा है। सूचना मिलते ही PSI नारायण गोडके और पुलिसकर्मी रितेश गोडमारे मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था और भीतर से चीखने की आवाजें आ रही थीं।
पुलिस ने तुरंत दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां आरोपी ऋषिकेश वानखेडे अपनी पत्नी आश्लेषा वानखेडे पर चाकू से हमला कर चुका था। महिला के गले और सिर पर गंभीर चोटें थीं। पुलिस ने आरोपी को काबू में लेकर घायल महिला को तुरंत AIIMS अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका सफल उपचार किया। महिला के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आयुक्त ने दोनों पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।












