जळगांव जिले के चोपडा-वैजापुर मार्ग पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग युवकों को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। चोपडा ग्रामीण पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक हथियार लेकर चोपडा की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बोराअजंटी गांव के पास वन विभाग चौकी के निकट जाल बिछाया। इसी दौरान वैजापुर की ओर से आ रही स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई।
जांच में युवकों के पास से एक देसी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और एक खाली मैगजीन बरामद हुई। दोनों आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के पास से स्कूटी, मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 66 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए और उनका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।












