लोकवाहिनी, संवाददाता,नागपुर। सरकारी और नगर निगम के अस्पतालों में लू लगने से पीड़ित मरीजों के लिए ग्यारह विशेष शीत वार्ड बनाए गए हैं। इनमें कुल 60 बिस्तर हैं। हालांकि, शहर का तापमान 46 डिग्री तक पहुंच जाने के बावजूद, लू लगने का एक भी मामला दर्ज नहीं किया गया है। उल्लेखनीय है कि शहर में पिछले 3 दिनों में 10 से अधिक अज्ञात लोगों के शव पाए गए है। अगर लू लगने से इनकी मौत नहीं हुई तो क्या शहर में कोई बीमारी पैर पसार रही है। इस समय उपराजधानी का तापमान $47^{\circ}C$ के पास पहुंच चुका है तो नेता और अधिकारी AC में मौज मार रहे है।
शहर में तहसील पुलिस स्टेशन क्षेत्र में टिमकी टॉपर के कुएं के पास लगभग 40 वर्ष आयु के एक अज्ञात पुरुष अचेत अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे इलाज के लिए मेयो अस्पताल के वार्ड नंबर 37 में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान 20 मई को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं लगभग 50 वर्ष की आयु का एक अज्ञात पुरुष अचेत अवस्था में हंसापुरी चूना मस्जिद के पास मिला। पुलिस ने उसे इलाज के लिए मेयो अस्पताल के वार्ड नंबर 37 में भर्ती कराया। 20 मई को डॉक्टरों ने उनकी जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उधर गणेशपेठ पुलिस स्टेशन के पास, साई पान की दुकान के नजदीक, राहुल कॉम्प्लेक्स की ओर जाने वाली सड़क पर, लगभग 50 से 55 वर्ष की आयु का एक अज्ञात व्यक्ति का शव अत्यंत दयनीय हालत में पाया गया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वाठोडा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत स्मिथ बार, रिंग रोड के पास सड़क के फुटपाथ पर लगभग 40 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति बेहोश पड़ा मिला। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गणेशपेठ पुलिस स्टेशन के अंतर्गत गणेशपेठ के सामने स्थित एनएमसी बस स्टॉप पर लगभग 45 से 50 वर्ष की एक अज्ञात महिला कोमा की हालत में मिली। पुलिस उसे इलाज के लिए मेयो अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
लकड़गंज पुलिस स्टेशन के अंतर्गत गांधी प्रतिमा के पास काशीकर वाडा में चावला अनाज भंडार की दुकान के शटर के सामने फुटपाथ पर लगभग 35 से 40 वर्ष की आयु का एक अज्ञात पुरुष बेहोश पाया गया। उसे इलाज के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घाट रोड, जैन डेयरी के सामने, गणेशपेठ पुलिस स्टेशन के अंतर्गत एक अज्ञात महिला बेहोश पाई गई। उसे इलाज के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। मनपा अधिकारी और जिला प्रशासन का कहना हैं कि शहर में तापमान कितना भी रहे उष्माघात जैसी कोई बीमारी दिखाई नहीं दे रही है दूसरी ओर जिला प्रशासन व मनपा प्रशासन ने नागरिकों से ऐसी अपील की है कि अगर लू जैसी हालत में आप सरकारी अस्पताल जाकर इलाज कर सकते है इसके अलावा प्रशासन की ओर से कोई खास उपाययोजना फिलहाल तो दिखाई नहीं दे रही है।













